राज्यपाल ने मंत्रिपरिषद के आठ सदस्यों को शपथ दिलाई

राज्यपाल ने मंत्रिपरिषद के आठ सदस्यों को शपथ दिलाई

राज्यपाल डा. बलराम जाखड़ ने आज राजभवन में आयोजित गरिमामय समारोह में मध्यप्रदेश की मंत्रिपरिषद के लिए आठ सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इनमें पांच केबिनेट और तीन राज्य मंत्री शामिल है।

राज्यपाल डा. जाखड़ ने डा. गौरी शंकर शेजवार, श्री लक्ष्मीकांत शर्मा, श्री नागेन्द्र सिंह (नागौद), श्री अखंड प्रताप सिंह और श्री लक्ष्मण सिंह गौड़ को केबिनेट मंत्री के रूप में शपथ दिलाई। इनमें से श्री लक्ष्मीकांत शर्मा और श्री नागेन्द्र सिंह पूर्व में राज्य मंत्री थे, जिन्हें इस बार पदोन्नत कर केबिनेट मंत्री बनाया गया है। नवनियुक्त राज्य मंत्री के रूप में शपथ लेने वालों में श्री करण सिंह वर्मा, श्रीमती रंजना बघेल और श्री हरेन्द्रजीत सिंह 'बब्बू' शामिल हैं।

शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान भारतीय जनता पार्टी के महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी श्री अनंतकुमार के साथ उपस्थित थे। इस अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष श्री ईश्वरदास रोहाणी, पूर्व मुख्यमंत्रीद्वय सर्वश्री कैलाश जोशी एवं सुंदरलाल पटवा, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष श्रीमती जमुना देवी, विधानसभा उपाध्यक्ष श्री हजारी लाल रघुवंशी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर और संगठन महामंत्री श्री माखन सिंह, सांसद सर्वश्री सत्यनारायण जटिया, विक्रम वर्मा, थावरचंद गहलोत, लक्ष्मीनारायण शर्मा, सरताज सिंह व अन्य सांसद, मंत्रिमंडल के सदस्य एवं विधायकगण, निगम- मंडलों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, प्रदेश भाजपा और उसके मोर्चा संगठन के अनेक पदाधिकारी, मुख्य सूचना आयुक्त श्री पी.पी. तिवारी, विधानसभा के प्रमुख सचिव श्री ए.के. पयासी, राज्य शासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य नागरिक और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

शपथ विधि समारोह का संचालन मुख्य सचिव श्री राकेश साहनी ने किया।

 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आज विद्युत बंद रहेगी

11वीं योजना के दौरान 78,000 मेगावाट की अतिरिक्त क्षमता जोड़ने का प्रस्ताव

संजय दत्त यदि अभिनेता के बजाए नेता होते