राज्य स्तरीय गणित ओलंपियाड परीक्षा 7 अक्टूबर को

राज्य स्तरीय गणित ओलंपियाड परीक्षा 7 अक्टूबर को

विद्यार्थी करा सकेंगे पंजीयन 20 अगस्त तक

राज्य स्तरीय गणित ओलंपियाड परीक्षा वर्ष 2007-08 आगामी 7 अक्टूबर को आयोजित की जा रही है। यह परीक्षा पूर्व वर्ष में दिये गये 76 केन्द्रों पर आयोजित होगी। प्रथम चरण परिणाम की घोषणा 5 नवंबर, 2007 को तथा द्वितीय चरण की परीक्षा का आयोजन 20 जनवरी, 2008 को होगा। इस वर्ष एन.बी.एच.एम., मुम्बई के निर्देशानुसार इस परीक्षा में कक्षा 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी शामिल हो सकते हैं।

संचालक राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान, जबलपुर द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय ओलंपियाड प्रतियोगिता 2007-08 के लिये प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मध्यप्रदेश के सभी उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में तथा परीक्षा केन्द्रों को आवश्यक निर्देश भेजे गये हैं। इस परीक्षा के लिये विद्यार्थियों द्वारा आगामी 20 अगस्त तक निर्धारित पंजीयन शुल्क 25 रुपये जमा कर प्राचार्य के पास अपना नाम पंजीकृत करा सकते हैं। विलंब शुल्क सहित 23 अगस्त तक पंजीयन हो सकेगा।

मध्यप्रदेश के सभी उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्यों द्वारा अपने जिले के केन्द्राध्यक्ष के पास एक सितम्बर, 2007 तक प्रपत्र एक की तीन प्रतियों पर अपने विद्यार्थियों के नाम तथा अन्य जानकारी निर्धारित पंजीयन शुल्क सहित भेजी जायेगी। केन्द्राध्यक्ष द्वारा रोल नम्बर आवंटित कर प्रपत्र एक की प्रति संबंधित विद्यालय को, प्रपत्र एक एवं दो की प्रति तथा एकत्रित पंजीयन शुल्क का बैंक ड्राफ्ट बनवाकर राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान, जबलपुर को 10 सितम्बर, 2007 तक भेजा जायेगा। साथ ही एन.बी.एच.एम. मुम्बई को नामांकन संबंधी जानकारी 20 सितम्बर, 2007 तक भेजी जायेगी।

इसी प्रकार संस्था द्वारा केन्द्राध्यक्षों को सामग्री का प्रदाय चार अक्टूबर, 2007 को प्रात: 11.00 बजे से शाम 5.00 बजे तक होगा। प्रत्येक जिले में प्रथम चरण की परीक्षा का आयोजन 7 अक्टूबर, 2007 को होगा। केन्द्राध्यक्षों द्वारा परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं एवं अन्य जानकारी सील्ड पैकेट में रजिस्टर्ड पार्सल से संचालक राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान, जबलपुर को 8 अक्टूबर को भेजे जायेंगे। प्रथम चरण के परिणाम की घोषणा 5 नवंबर, 2007 को की जायेगी। द्वितीय चरण की परीक्षा संबंधी जानकारी चयनित छात्रों को 15 नवंबर, 2007 को दी जायेगी। द्वितीय चरण की परीक्षा का आयोजन संचालक राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान, जबलपुर में 20 जनवरी, 2008 को होगा। उन्मुखीकरण के लिये यदि राज्य शासन द्वारा स्वीकृति दी जायेगी तो 20 दिसंबर, 2007 से 30 दिसंबर, 2007 तक किया जा सकेगा।

 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आज विद्युत बंद रहेगी

11वीं योजना के दौरान 78,000 मेगावाट की अतिरिक्त क्षमता जोड़ने का प्रस्ताव

संजय दत्त यदि अभिनेता के बजाए नेता होते