प्रदेश में 61 वां स्वतंत्रता दिवस समारोहपूर्वक मनाया जायेगा

प्रदेश में 61 वां स्वतंत्रता दिवस समारोहपूर्वक मनाया जायेगा

प्रदेश में 15 अगस्त को 61 वां स्वतंत्रता दिवस समारोहपूर्वक मनाया जायेगा। स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान राजधानी भोपाल के मोतीलाल स्टेडियम में प्रात: 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहरायेगे। राष्ट्रीय ध्वजारोहण के बाद मुख्यमंत्री श्री चौहान प्रदेश वासियों के नाम स्वतंत्रता दिवस का संदेश पढ़गे। इस मौके पर पुलिस, एस.ए.एफ., एन.सी.सी., जेल गार्डस, होमगार्ड एवं स्काउड गार्ड की परेड होगी। मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ आनर दिया जायेगा।

प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर मंत्रिमंडल के सदस्यों द्वारा ध्वजारोहण किया जायेगा। जिला मुख्यालयों पर ध्वजारोहण के बाद मुख्यमंत्री का प्रदेशवासियों के नाम स्वतंत्रता दिवस के संदेश का वाचन होगा। इस मौके पर आकर्षक परेड का आयोजन भी होगा।

इसी तरह जनपद पंचायत एवं पंचायत मुख्यालयों पर स्वतंत्रता दिवस समारोह प्रात: 9 बजे से आयोजित किये जायेंगे। जनपद पंचायत मुख्यालय पर जनपद अध्यक्ष द्वारा नगर पालिका एवं नगर पंचायत मुख्यालय पर अध्यक्ष द्वारा, एवं पंचायत मुख्यालय में सरपंच द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा। स्वतंत्रता दिवस पर शासकीय भवनों एवं स्मारकों पर विशेष रूप से रोशनी की जायेगी। स्वतंत्रता दिवस पर स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा नगर के मुख्य मार्गों पर प्रभात फेरी निकाली जायेगी।

प्रदेश की शैक्षणिक संस्थाओं में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता पर केन्द्रित प्रतियोगिताएं एवं खेलकूद गतिविधियों के आयोजन करने के सम्बन्ध में निर्देश भी दिये गये हैं। स्वतंत्रता दिवस समारोह में सार्वजनिक क्षेत्रों में विशेष रूप से जनसंख्या स्थिरीकरण, स्वच्छता अभियान, लघु बचत एवं साहसिक कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जायेगा। स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिवारों के साथ विशेष रूप से आमंत्रित किये जाने के निर्देश दिये गये हैं।

राजधानी भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में प्रात: 9 बजे आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस के अलावा अन्य शासकीय कार्यालयों में प्रात: 8बजे राष्ट्रीय ध्वजारोहण होगा। इसी तहर शिक्षण संस्थाओं में प्रात: 8बजे राष्ट्रीय ध्वजारोहण होगा।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में दिये जाने वाले इस वर्ष के महाराणा प्रताप शौर्य पुरस्कार एवं राज्य स्तरीय वीरता पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में महाराणा प्रताप शौर्य राज्य पुरस्कार प्रदान करेगें। जिला मुख्यालयों पर मंत्रिगण राज्य स्तरीय वीरता पुरस्कार प्रदान करेगें।

वर्ष 2006 का महाराणा प्रताप शौर्य राज्य पुरस्कार तीन व्यक्तियों को दिया गया है। सतना जिले के मोहम्मद अशरफ बच्चा को यह पुरस्कार मरणोपरांत दिया गया है। यह पुरस्कार उनकी पत्नी श्रीमती शहनाज बानो प्राप्त करेंगी। पुरस्कार स्वरूप 50 हजार रुपये एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जायेगा। महाराणा प्रताप शौर्य राज्य पुरस्कार से इस वर्ष पन्ना निवासी श्री रमेश चन्द्र सिंगरौल एवं श्री नन्द किशोर सिंगरौल को भी उनके वीरतापूर्ण कार्य के लिये प्रदान किया जायेगा। पुरस्कार स्वरूप उन्हें 25-25 हजार रुपये की राशि एवं प्रशस्ति पत्र दिया जायेगा।

राज्य शासन ने इस वर्ष दिये जाने वाले राज्य स्तरीय वीरता पुरस्कारों की भी घोषणा की है। होशंगाबाद निवासी श्री सोमेश कुमार राठौर को सर्वोत्तम वीरतापूर्ण कार्य के लिये 25 हजार रुपये एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जायेगा। पन्ना निवासी श्री गंगा प्रसाद शर्मा को उत्तम वीरतापूर्ण कार्य के लिये 15 हजार रुपये एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जायेगा। इसी प्रकार वीरतापूर्ण कार्य के लिये सागर जिले के राहतगढ़ निवासी श्री अनिल राय को 10 हजार रुपये एवं प्रशस्ति पत्र भेंट किया जायेगा। राजगढ़ निवासी श्री गोपालनाथ को भी उनके वीरतापूर्ण कार्य के लिये 10 हजार रुपये नगद एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जायेगा।

 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

11वीं योजना के दौरान 78,000 मेगावाट की अतिरिक्त क्षमता जोड़ने का प्रस्ताव

आज विद्युत बंद रहेगी

संजय दत्त यदि अभिनेता के बजाए नेता होते