53वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार घोषित

53वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार घोषित

सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म :  " काल पुरुष-मैमोरीज इन द मिस्ट''  सर्वश्रेष्ठ अभिनेता :  अमिताभ बच्चन, सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री :  सारिका

53वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है। निर्णायक मंडल की सिफारिशों के अनुसार बुध्ददेब दासगुप्ता द्वारा निर्देशित बंगला फिल्म काल पुरुष मैमोरीज इन द मिस्ट को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म घोषित किया गया है। इस पुरस्कार के तहत एक स्वर्ण कमल और निर्माता तथा निर्देशक दोनों को 50-50 हजार रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाता है।  राकेश ओम प्रकाश मेहरा द्वारा निर्देशित हिन्दी फीचर फिल्म रंग दे बसन्ती को सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म घोषित किया गया है। राष्ट्रीय एकता पर सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का नर्गिस दत्त पुरस्कार जयराज द्वारा निर्देशित मलयालम फिल्म दैवनमाथिल को दिया गया है। सर्वश्रेष्ठ निर्देशित फिल्म का इंदिरा गांधी पुरस्कार  विधु विनोद चोपड़ा की हिन्दी फिल्म्  परिणीता को दिया गया है। नागेश कुकुनूर द्वारा निर्देशित हिन्दी फिल्म इकबाल को सामाजिक मुद्दों पर सर्वश्रेष्ठ फिल्म के पुरस्कार   के लिए चुना गया  है।

       राहुल ढोलकिया को हिन्दी फिल्म परजनिया के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशन का पुरस्कार दिया गया है। हिन्दी फिल्म ब्लैक में अभिनय के लिए अमिताभ बच्चन को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के पुरस्कार के लिए चुना गया है।  फिल्म परजनियां में अभिनय के लिए सारिका को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के पुरस्कार के लिए चुना गया है। सर्वश्रेष्ठ बाल कलाकार का पुरस्कार साई कुमार ने जीता है। उन्हें तेलुगू फिल्म बोम्म् लता - ए बैलीफुल ऑफ ड्रीम्स में अभिनय के लिए यह पुरस्कार दिया गया है।  नरेश अय्यर को रंग दे बसन्ती में गायन के लिए सर्वश्रेष्ठ पुरुष पार्श्वगायक का पुरस्कार दिया गया है, जबकि फिल्म पहेली  में गायन के लिए सर्वश्रेष्ठ महिला पार्श्वगायिका के पुरस्कार के लिए श्रेया घोषाल को चुना गया है।  

       गौरव ए जानी द्वारा निर्देशित राइडिंग सोलो टू द टॉप ऑफ द वर्ल्ड (अंग्रेजी) को सर्वश्रेष्ठ गैर-फीचर फिल्म चुना गया है। सर्वश्रेष्ठ फिल्म् समालोचक पुरस्कार के लिए भारद्वाज रंगन को चुना गया है।

       संजय लीला भंसाली द्वारा निर्देशित ब्लैक को सर्वश्रेष्ठ हिन्दी फीचर फिल्म घोषित किया गया है।  विभिन्न भारतीय भाषाओं में चुनी गई सर्वश्रेष्ठ फिल्में इस प्रकार हैं- 

       असमी - कदम तोले कृष्णा नाचे, निर्देशक- सुमन हरिप्रिया

       बंगला - हरबर्ट, निर्देशक- सुमन मुखर्जी

       कन्नड़ - थायी, निर्देशक - बरगुरू रामचन्द्रप्पा

       मलयालम- तनमात्र, निर्देशक - ब्लेसी

       मराठी -  डोम्बिवली    फास्ट, निर्देशक - निशिकान्त कामथ

       उड़िया - कथान्तर, निर्देशक - हिमांशु खटुआ

       पंजाबी - बाघी, निर्देशक - सुखमिन्दर धन्जल

       तमिल - आदम कोतु, निर्देशक - टी.वी.चन्द्र

       तेलुगू - बोम्मलता -  ए बैलीफुल ऑफ ड्रीम्स, निर्देशक - प्रकाश कोवलमुडी

              फिल्मों तथा अन्य पुरस्कारों का विवरण पत्र सूचना कार्यालय की वेबसाइट   http://pib.nic.in   पर उपलब्ध है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

11वीं योजना के दौरान 78,000 मेगावाट की अतिरिक्त क्षमता जोड़ने का प्रस्ताव

आज विद्युत बंद रहेगी

संजय दत्त यदि अभिनेता के बजाए नेता होते