भाजपा का सदस्यता अभियान आज से

भाजपा का सदस्यता अभियान आज से
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर आज आएंगे, स्वागत की अपील
मुरैना, 31 दिसम्बर। भारतीय जनता पार्टी का सदस्यता अभियान नव वर्ष यानि आज से शुरु किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरूआत सुबह 11 बजे हनुमान चौराहे पर झण्डा चौक से होगी। इसी दिन अम्बाह तहसील के ग्राम थरा में आ रहे पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह के जोरदार स्वागत की अपील भाजपा नेताओं ने की है।
उक्त आशय की जानकारी देते हुए पार्टी के जिला अध्यक्ष नागेन्द्र तिवारी एवं जिला महामंत्री नरेश गुप्ता ने बताया है कि संगठन को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से सदस्यता अभियान की शुरूआत की जा रही है। यह अभियान शहरी क्षेत्रों के अलावा तहसील, ब्लाक एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सदस्यता अभियान मुरैना जिले के साथ-साथ पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है। वरिष्ठ नेतृत्व की मंशा है कि पार्टी से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जाए तथा संगठन को और मजबूत बनाया जाए। इसी पावन उद्देश्य को लेकर गुरूवार से शहर में सदस्यता अभियान शुरू हो रहा है। नेताद्वय ने संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आग्रह किया है कि वे सदस्यता अभियान को गंभीरता से लें और अधिक से अधिक लोगों को सदस्य बना कर पार्टी को मजबूत बनाएं।
जिला अध्यक्ष श्री तिवारी एवं जिला महामंत्री श्री गुप्ता ने यह भी बताया है कि पहली जनवरी को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ग्राम थरा में आ रहे हैं। वे यहां विद्युत केन्द्र के लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि की हैसियत से उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता दिमनी विधायक शिवमंगल सिंह तोमर करेंगे। लोकार्पण समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में अशोक अर्गल, एमपी एग्रो के अध्यक्ष मुंशीलाल, पार्टी के जिला अध्यक्ष नागेन्द्र तिवारी एवं अम्बाह विधायक कमलेश सुमन भी प्रमुख रूप से मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम का आयोजन दोपहर एक बजे किया जाएगा। पार्टी के जिला महामंत्री श्री गुप्ता ने संगठन के समस्त कार्यकर्ता एवं पदाधिकारियों से अनुरोध किया है कि वे नियत समय पर कार्यक्रम में पहुंचे और लोकार्पण समारोह को सफल बनाएं। उन्होंने यह भी बताया कि कार्यक्रम के दौरान भाजपा के द्वारा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री तोमर का पुष्पहारों से जोरदार स्वागत किया जाएगा।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

11वीं योजना के दौरान 78,000 मेगावाट की अतिरिक्त क्षमता जोड़ने का प्रस्ताव

आज विद्युत बंद रहेगी

संजय दत्त यदि अभिनेता के बजाए नेता होते